उन्नाव में फसे राजस्थान के लोगों को बस से रवाना करते सीडीओ डा.राजेश कुमार प्रजापति।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर में रहकर पत्थरों की कटाई, छंटाई का काम कर रहे 19 लोगों को उनके मूल प्रांत राजस्थान भेजा गया। सीडीओ ने लंच पैकेट व पानी आदि की व्यवस्था करके सभी लोगों को बस से रवाना किया।
राजस्थान प्रांत के अलग-अलग शहरों में रहने वाले 19 लोग शहर में रहकर पत्थरों की कटाई, छंटाई का काम कर रहे थे। इनमें से कुछ लोग अपने परिवार के साथ रह रहे थे। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लागू किए गए लॉकडाउन से इन सभी का कामधंधा बंद हो गया। जिससे इनके सामने भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई। इधर, जब प्रदेश सरकार ने दूसरे राज्यों में रह रहे लोगों को अपने प्रदेश में लाने और यहां रहने वाले दूसरे प्रांतों के बाशिंदों को भेजने की कवायद शुरू की तो राजस्थान के रहने वाले इन लोगों ने अपने प्रदेश जाने की प्रशासन से गुहार लगाई।
सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति और डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद यादव ने इनके वापस भेजने की कार्रवाई शुरू की। गुरुवार को सभी को क्षेत्र पंचायत कार्यालय सिकंदरपुर सरोसी में एकत्रित किया गया। इसके बाद रोडवेज बस से राजस्थान के लिए रवाना किया गया। 19 लोगों में 4 महिलाएं और कुछ बच्चे थे। सीडीओ ने बताया कि गुरुवार देररात तक यह सभी राजस्थान पहुंच जाएंगे।