उन्नाव। छुट्टियां मनाने के लिए ट्रेन से नई दिल्ली व मुंबई जाने का कार्यक्रम बना रहे हैं तो पहले ट्रेनों के बारे में पता कर लें, क्योंकि ज्यादातर ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। नई दिल्ली जाने वाली गोरखधाम व मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में रिग्रेट लग चुका है। यानि इन ट्रेनों में वेटिंग मिलना भी बंद हो गई है। समर स्पेशल ट्रेनों में भी सीटों के लिए मारामारी मची हुई है। कई अन्य गाड़ियों में लंबी वेटिंग चल रही हैं। अब आधी जुलाई तक सीटें कंफर्म नहीं हो सकेंगी।
बोर्ड व विश्वविद्यालय परीक्षाओं का रिजल्ट निकलने व स्कूल बंद होने से गर्मियों की छुट्टियां मनाने के लिए लोगों ने नई दिल्ली, मुंबई व तीर्थस्थल जाने की प्लानिंग शुरू कर दी है। लेकिन ट्रेन से जाने की सोच रहे लोगों को अपना कार्यक्रम आगे बढ़ाना पड़ सकता है, क्योंकि इन स्थानों को जाने वाली ट्रेनों में अधिकांश हाउस फुल हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा मारामारी लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक व कुशीनगर एक्सप्रेस में देखने को मिल रही है। पुष्पक में रिग्रेट लग चुका है।
यही स्थिति नई दिल्ली जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस की है। इस ट्रेन में भी नोरूम लग गया है। इसके अलावा कानपुर से जम्मू जाने वाली जम्मू तवी एक्सप्रेस (हर बुधवार), नीलांचल एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, माल्दा टाउन आदि ट्रेनों में अगले डेढ़ महीने तक सीटें फुल हैं। दिल्ली व मुंबई की अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग दो सौ के पार हो गई है।
आलम यह है कि एक माह पहले कराई गई टिकट भी कंफर्म नहीं हो पा रही है। ऐन मौके पर टिकट के लिए दौड़ रहे लोग परेशान हैं। इसके लिए तत्काल टिकटों पर निर्भरता बढ़ गई है। भोर पहर से ही आरक्षण काउंटरों पर रिजर्वेशन कराने वालों की कतारें लग जाती हैं। इसका फायदा उठाने के लिए दलाल सक्रिय हो गए हैं। ट्रेनों में एक-एक सीट दिलाने के नाम पर दलाल अच्छी-खासी रकम ऐंठ रहे हैं। उन्नाव स्टेशन पर कुली भी डिब्बे के अंदर इंट्री कराने के नाम पर पैसे वसूलकर चांदी काट रहे हैं। चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर विनोद कुमार यादव ने बताया कि कई ट्रेनों में रिग्रेट लग चुका है। अन्य जो ट्रेने हैं, उसमें 10 जुलाई के बाद ही रिजर्वेशन कंफर्म हो सकेगा।