उन्नाव। प्रशासन ने नकलविहीन बोर्ड परीक्षा कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। हालांकि, अधिकांश स्टेटिक मजिस्ट्रेट इस पर पानी फेर रहे हैं। कई अधिकारी परीक्षा केंद्रों से दूरी बनाए हैं तो कई मनमर्जी से ड्यूटी को अंजाम दे रहे हैं। तीन दिन पहले 30 स्टेटिक मजिस्ट्रेट का डीएम एक दिन के वेतन कटौती की कार्रवाई की फिर भी अधिकारियों की मनमानी हावी है।
जिले के 117 बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट पैनल में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, चकबंदी विभाग, पीडब्लूडी, जल निगम अधिकारी शामिल हैं। डीएम ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रश्नपत्र बंडल खुलने व सील किए जाने के निर्देश दिए हैं। 23 फरवरी को विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा व डीएम के संयुक्त चेकिंग अभियान में अलग-अलग तहसीलों में 30 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बिना सूचना गैरहाजिर मिले थे। इस दौरान डीएम ने एक दिन के वेतन कटौती की र्कारवाई करने के साथ ही दोबारा लापरवाही न होने की चेतावनी दी थी। जबकि, अधिकारियों (स्टेटिक मजिस्ट्रेट) की मनमानी जारी है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मियांगंज, नवाबगंज, बांगरमऊ, गंजमुरादाबाद, सफीपुर, बीघापुर क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट जिम्मेदारी से दूरी बनाए हैं। इससे केंद्र व्यवस्थापकों की मनमानी हावी है। सोमवार हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा से कई केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों से दूरी बनाए रहे।
डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि दो दिन पहले अनुपस्थित पाए गए 30 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है। लगातार नजर रखी जा रही है सुधार न होने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।