पंचायत सदस्यों की बैठक में 11 करोड़ के प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में मौजूद बीडीसी सदस्यों व प्रधानों ने अपने क्षेत्रों में लंबित निर्माण कार्यों पर चर्चा की। ब्लाक प्रमुख पुष्पा रावत ने जल्द से जल्द अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सुधीर रावत ने कहा कि प्रदेश की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे, इसके लिए सभी को प्रयासरत रहना चाहिए है। मंत्री ने कहा कि अभी में कई लोगों को राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में पता नहीं है, ऐसे लोगों के बीच जाकर बातचीत करनी चाहिए उन्होंने मौजूद जनप्रतिनिधियों से कहा कि मनरेगा के अंतर्गत काम करने वाले मजदूरों का पंजीकरण श्रम विभाग में अवश्य करवा दें। बताया कि सौ दिन काम करने के उपरांत ऐसे मजदूरों को दुर्घटना में मौत हो जाने पर सरकार पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देती है। इसके अलावा भी बहुत सारी योजनाएं श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों को प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि जनता के जायज कार्य को कतई न रोका जाए। बताया कि यदि पब्लिक दुखी है तो नेता खुश नहीं रह सकता। उन्होंने ब्लाक सभागार में मौजूद लोगों को खड़ा देख बड़ा सभागार बनवाने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा। खंड विकास अधिकारी सुषमा देवी ने भी बैठक को संबोधित करते हुए विकासपरक योजनाओं की जानकारी सदन को दी। ब्लाक प्रमुख पुष्पा रावत ने बैठक में आए हुए सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राणा संग्राम सिंह, टिंकू सिंह, जगदीश द्विवेदी, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।