गंगा नदी रेलवे पुल पर 11 नवंबर से मरम्मत कार्य शुरू होगा। इस दौरान मेगा ब्लाक के चलते 27 दिन तक
गंगाघाट रेलवे क्रासिंग संख्या-41 बंद रहेगी। वरिष्ठ मंडल अभियंता ने जिलाधिकारी से क्रासिंग को बंद करने की संस्तुति मांगी है।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर मो. इर्शाद ने बताया कि अप्रैल में ही रेलवे पुल पर टर्फ बदलने का काम होना था, लेकिन किन्हीं कारणों से काम को टाल दिया गया था। फिलहाल इस काम को पूरा करने के लिए 27 दिनों की समयसीमा तय है। काम पूरा न होने पर अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। बताया कि टर्फ बदलने के कार्य के दौरान गंगाघाट रेलवे क्रासिंग संख्या-41 को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा और वहां पर डंपिंग स्टोर बनाया जाएगा। वहीं, टर्फ बदलने के लिए होने वाले काम के चलते गंगापुल से निकलने वाली ट्रेनों को धीमी रफ्तार में काशन देकर गुजारा जाएगा। वहीं दोनों ओर से आने वाली ट्रेनों को एक ही ट्रैक से गुजारे जाने की वजह से कई ट्रेनों को कानपुर, गंगाघाट, मगरवारा व उन्नाव स्टेशनों पर ही रोका जाएगा। आगे जा रही ट्रेन के गुजर जाने के बाद ही पीछे की ट्रेनों को आगे भेजा जाएगा।
50 से अधिक ट्रेनें हाेंगी रद, कई की होगी उन्नाव से वापसी
विभागीय अफसरों की मानें तो मेगा ब्लाक के दौरान इस रूट पर चलने वाली आधा सैकड़ा से अधिक ट्रेनों को रद कर दिया जाएगा। इसमें कई पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल रहेंगी। वहीं मेमू, बालामऊ, रायबरेली व लोकल पैसेंजर ट्रेनों को उन्नाव से ही वापस कर दिया जाएगा।