किसी ने सच ही कहा है कि जोड़ी इनसान नहीं ईश्वर बना कर भेजते हैं। यह गिरिराज जी की नगरी के तीन फीट लंबे जितेंद्र और पौने तीन फीट की उनकी जीवन संगिनी सरिता पर भी फिट बैठती है।
शुक्रवार को जब इस जोड़े ने एक-दूसरे का हाथ थामा तो सैकड़ों लोग इस अनूठी शादी के साक्षी बने। उन्होंने इस जोड़े को ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोवर्धन के गंगेश्वर मंदिर के सामने रहने वाले तीन फीट लंबे जितेंद्र (25) कार्यक्रमों में नृत्य कर लोगों का मनोरंजन करते हैं। यही उनकी जीविका का साधन भी है। जितेंद्र की मानें तो शादी की ख्वाहिश जरूर थी, लेकिन कद छोटा होने के कारण यह संभव नहीं लगती थी। इसी बीच खुशियों ने दस्तक दी।
उनकी मुलाकात तीन इंच छोटी सरिता हुई तो मानो यह इच्छा भी पूरी होती दिखी। मूलरूप से रांची (झारखंड) की निवासी सरिता (21) के परिजनों से बातचीत की गई। दोनों ने सद्गुरुदेव फाउंडेशन के सहयोग से मथुरा मार्ग स्थित भारद्वाज भवन में विधिवत रीति-रिवाज से शादी कर ली।
आचार्य चैतन्य हरि चरत जी महाराज ने बताया कि सरिता एक कार्यक्रम के दौरान मिली थी। इस दौरान परिजनों के अलावा काफी संख्या में अन्य लोग भी मौजूद थे।