रिश्ते में सगे चाचा ने 16 साल की किशोरी को दूध में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया, फिर अपनी पत्नी के सामने ही किशोरी की आबरू लूट ली। मामला दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके का है।
मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हो जाने के बाद पुलिस ने 32 वर्षीय आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी की पत्नी की भी तलाश कर रही है।
किशोरी ने अपनी चाची पर भी मामले में मिली भगत का आरोप लगाया। गोकुलपुरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता सुमन (16)(बदला हुआ नाम) परिवार के साथ करावल नगर इलाके में रहती है। इसका चाचा पुराना मुस्तफाबाद इलाके में रहता है। वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है।
सुमन के मुताबिक सोमवार को वह अपने चाचा के घर घूमने के लिए आई थी। कुछ समय बाद उसकी चाची ने उसे पीने के दूध दिया। सुमन के मुताबिक दूध पीते ही उसको चक्कर आने लगे और कुछ ही देर में वह बेहोश हो गए।
सुमन ने आरोप लगाया कि जब उसे होश आया तो उसने देखा कि उसका चाचा उसके साथ गलत काम कर रहा है।
सुमन ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने किसी को कुछ न बताने के लिए कहकर उसे जान से मारने की धमकी दी।
समुन रात को ही अपने घर लौट आई। उसने आपबीती परिजनों को बताई। परिजन अगले दिन उसे लेकर गोकुलपुरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दी।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया, जिसमें पुष्टि होने के बाद बुधवार को पुलिस ने आरोपी चाचा को दबोच लिया। आरोपी की मदद करने के आरोप में पुलिस उसकी पत्नी की तलाश कर रही है।