यूपी परिवहन निगम ने इलाहाबाद कुंभ मेला में फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए सोमवार को शाम चार बजे तक 2000 खाली बसें इलाहाबाद के लिए रवाना की। इनमें अनुबंधित बसें भी शामिल हैं। इन बसों के संचालन की निगरानी मुख्यालय की एक टीम कर रही है। ये बसें सोमवार की आधी रात एवं मंगलवार की सुबह से यात्रियों को लेकर लौटना शुरू कर दी हैं। इसके अलावा अन्य बसों का भी इंतजाम किया जा रहा है।
निगम के प्रबंध निदेशक आलोक कुमार के अनुसार इलाहाबाद के लिए खाली बसें भेजने का सिलसिला सोमवार की सुबह पांच बजे शुरू किया गया था। इन बसों को लखनऊ, फैजाबाद, कानपुर, बरेली समेत अन्य क्षेत्रों से जुटाया गया है। शाम चार बजे तक 2000 खाली बसों को इलाहाबाद के बस अड्डे के लिए रवाना किया गया है। इनमें से काफी बसों के इलाहाबाद पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इनमें लखनऊ से 40 अनुबंधित बसें शामिल हैं।
दूसरी तरफ प्रवक्ता ने बताया कि प्रबंध निदेशक ने मेला स्थल पर तैनात प्रधान प्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बस के पहुंचते ही उनमें यात्रियों को बैठाकर गंतव्य स्थान की ओर रवाना किया जाए। अड्डे पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ होने पर बहुत ही सावधानी से बस का संचालन हो।