खुफिया एजेंसियों द्वारा उत्तर प्रदेश की नेपाल सीमा से आतंकियों की संभावित घुसपैठ की चेतावनी के बाद राज्य के नेपाल सीमा से सटे जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इसी परिप्रेक्ष्य में प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विशेष सुरक्षा इंतजाम के निर्देश दिए गए हैं।
खुफिया एजेंसियों की सूचना के बारे में आईजी कानून-व्यवस्था आरके विश्वकर्मा ने सोमवार शाम को एनेक्सी के मीडिया सेंटर में खबरनवीसों को जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आतंकियों द्वारा नेपाल सीमा से घुसपैठ किए जाने का अंदेशा जताया है। इसी वजह से अलर्ट जारी किया गया है।
आईजी ने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों के साथ ही अयोध्या, मथुरा व काशी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों, मथुरा रिफाइनरी, नरोरा एटॉमिक प्लांट आदि जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कार्यक्रम स्थलों पर पूरी जांच व सुरक्षा प्रबंध के लिए कहा गया है।
विधान सभा, सचिवालय, एनेक्सी आदि के इर्द-गिर्द भी कड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। वाराणसी में सारनाथ, कुशीनगर, देवरिया आदि में खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।