सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव में जिला पंचायत सदस्य का मतपत्र गुलाबी और ग्राम प्रधान का हरे रंग का होगा। निर्वाचन आयोग ने सभी पदों के बैलेट पेपर के रंग का निर्धारण करते हुए मतपत्र उपलब्ध करा दिया है। मतपत्रों को जिले के स्ट्रांग रूम में सील कर दिया गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत के चार पदों के संभावित चुनाव के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी पदों के मतपत्र के रंग का निर्धारण कर दिया है। आयोग ने जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के बैलेट पेपर का अलग-अलग रंग रखा है, जिससे मतदाताओं को मतदान के समय भ्रम की स्थिति न हो।
जिला पंचायत सदस्य का मतपत्र गुलाबी और ग्राम प्रधान का हरे रंग का होगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य का मतपत्र हल्का बैगनी व ग्राम पंचायत सदस्य का मतपत्र सफेद रंग का रखा गया है। आयोग ने मतपत्रों के रंग का निर्धारण करते हुए उसकी छपाई करवाकर जिले को उपलब्ध करा दिया है।
जिले में चारों पदों के लिए दिल्ली व लखनऊ से मतपत्र मिल गए हैं। मतपत्रों को जिले में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है। निगरानी के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
स्ट्रांग रूम में रखा गया बैलेट पेपर
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कमलेश बाजपेयी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता के आदेश पर मतपत्रों को स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है। देखरेख के लिए अधिकारियों व सुरक्षा के लिए गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है।