अमेठी। सरैयाकनू गांव में रविवार की देर शाम दो पक्षों के बीच विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। धारदार हथियार से हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवारीजन घायल युवक को लेकर जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारपीट में युवक की मौत से गांव में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही सीओ कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सरैयाकनू (पसियान) गांव निवासी दलित अशोक कुमार (39) पुत्र राम रसूल का बेटा सूरज (21) रविवार की शाम को शीतलागंज बाजार में परिवार के ही संतराम के साथ बैठा था। तभी बाजार में पड़ोसी गांव पूरे ब्रह्मचारी का पुरवा निवासी बबलू मिश्र वहां पहुंच गया।
संतराम और सूरज आपस में किसी बात पर हंस रहे थे। बबलू मिश्र को लगा कि उक्त लोग उस पर हंस रहे हैं। शीतलागंज बाजार से बबलू वापस घर पहुंचा और सात आठ लोगों के साथ दोबारा बाजार पहुंच गया। बाजार में बबलू मिश्र आदि ने सूरज की पिटाई कर दी।
बाजार से सूरज घर पहुंचा और पूरी बात अपने पिता अशोक कुमार से बताई। बेटे की बात सुनकर अशोक अपनी पत्नी सुनीता, बेटी मलका और सूरज के साथ बबलू के घर शिकायत लेकर पहुंच गया। अशोक को घर पर देखते ही बबलू आदि ने धारदार हथियार के साथ ही लाठी डंडा से दंपती की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में अशोक, सुनीता, मलका, सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरे पक्ष से एक युवक भी चोटिल हो गया। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अशोक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन अशोक को लेकर जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घो षित कर दिया।
अशोक की मौत की सूचना गांव पहुंची तो तनाव फैल गया। तनाव की सूचना मिलते ही सीओ कई थानों की पुलिस व पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ पीयूषकांत ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। एसओ संग्रामपुर विश्वनाथ यादव ने बताया कि मामूली कहासुनी में एक युवक की मौत हुई है। चार अन्य लोग घायल हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।