हरगांव। इलाके के पिपरा वार्ड निवासी करन (32) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार देर शाम वह नशे की हालत में ओवरब्रिज के पास गिर गए थे। बुधवार सुबह उनका शव वहीं पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने बुधवार को शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार करन शराब के आदी थे। उन्होंने दो विवाह किए थे। शराब का आदी होने के कारण दोनों ने ही उन्हें छोड़ दिया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि बेनीराजा दशरथपुर गांव में कच्ची शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। अपराध निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
चोरी छिपे फल फूल रहा कच्ची शराब का कारोबार
इस घटना के बाद गांव में कच्ची शराब के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कुछ लोगों ने बताया कि आबकारी विभाग और पुलिस विभाग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। सूत्रों के अनुसार मिल बाजार में एक महिला झोले में 20 रुपये में कच्ची शराब के पाउच बेचती है। हालांकि पुलिस ने इस जानकारी से इनकार किया है।