सीतापुर। मौसम में बदलाव के बाद बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़ गया। धूप-छांव के बीच उमस ने दिन भर लोगों का पसीना छुड़ाने का काम किया। बादल हटने पर बीच-बीच में निकलने वाली तीखी धूप से परेशानी और बढ़ाती रही। बुधवार रात तेज हवाओं संग हुई बारिश से शहर में कई जगह जलभराव हो गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बादल छाए रहने और जिले के कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। जिले में बुधवार रात 11 मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के बीच गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर व कमलापुर समेत कई इलाकों में देर रात तक रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। पूरी रात बादलों की आवाजाही बनी रही। बारिश से शहर में रोडवेज बस स्टेशन के पास जलभराव हो गया। पूर्णागिरिनगर, आवास विकास, खूबपुर व शास्त्रीनगर समेत कई मोहल्लों में आंशिक जलभराव की स्थिति बन गई। इससे आवागमन में लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। अंबुज ने कहा कि हल्की बारिश में जलभराव ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। इमरान ने बताया कि हर साल बारिश में जलभराव से लोगों को जूझना पड़ता है। वहीं, बृहस्पतिवार को सुबह धूप निकली तो उमस ने पसीने छुड़ाने का काम किया। इस बीच बादल छाने से धूप-छांव जैसा मौसम बना रहा। इसके बावजूद भी लोगों को पसीना पोंछते देखा गया। सुबह से लेकर शाम तक उमस से राहत नहीं मिली और चिपचिपाहट ने भी लोगों को परेशान किया। ऐसे मौसम के बीच बुधवार की तुलना में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान छह डिग्री कम होकर 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटों के दरम्यान आंधी-बारिश के आसार बन रहे हैं। उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नजर नहीं आ रही है।
इंसुलेटर फुंका, 13 घंटे गुल रही बिजली
सीतापुर। कमलापुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में बुधवार रात बारिश के दौरान एचटी लाइन का इंसुलेटर फुंक गया। उपभोक्ताओं की नाराजगी बढ़ती देखकर बिजली कर्मियों ने दोपहर बृहस्पतिवार 12:47 बजे फॉल्ट दुरुस्त किया गया। अवर अभियंता ने बताया कि मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। करीब 13 घंटों तक गर्मी के साथ लोग पेयजल संकट से परेशान रहे।