सुल्तानपुर। मिश्रौली गांव के पास शुक्रवार की शाम दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौता ज्ञानीपुर गांव निवासी वशिष्ठ ओम पांडेय का बेटा सुभाष पांडेय (32) अपने छोटे भाई चंद्र भूषण पांडेय (26) के साथ बाजार से घर लौट रहा था। दोनों भाई रास्ते में गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव के पास पहुंचे थे।
तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में चंद्रभूषण नाथ पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष पांडेय और दूसरी बाइक पर सवार अफसर (26) पुत्र जुबाद खान निवासी रामचंद्रपुर कोतवाली जयसिंहपुर व फरहान (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चंद्रभूषण पांडेय को मृत घोषित करते हुए फरहान और अफसर को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।