सुल्तानपुर। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रविवार की रात दुर्घटना में घायल एक युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करने से नाराज एक युवक ने चिकित्सक के साथ अभद्रता शुरू कर दी। चिकित्सक के साथ हुई अभद्रता से नाराज स्वास्थ्य कर्मियों ने इमरजेंसी सेवा ठप कर दी।
इस बीच सूचना के बाद जब तक पुलिस पहुंची आरोपी युवक फरार हो गया। कोतवाल के समझाने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने करीब आधे घंटे बाद फिर से इमरजेंसी सेवा चालू कर दी।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में रविवार की रात ईएमओ डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी की ड्यूटी थी। इस बीच एक युवक सड़क हादसे में घायल होकर इमरजेंसी में पहुंचा। घायल युवक की हालत नाजुक होने पर ऑनकॉल ड्यूटी पर मौजूद सर्जन डॉ. रमेश को बुलाया गया। डॉ. रमेश तत्काल मौके पर पहुंच गए।
डॉ. रमेश ने युवक की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करने से युवक के साथ मौजूद एक अन्य युवक ने हंगामा शुरू कर दिया और डॉ. रमेश के साथ अभद्रता करने लगा। चिकित्सक के साथ अभद्रता से नाराज इमरजेंसी कक्ष के स्वास्थ्य कर्मियों ने आपातकालीन सेवा ठप कर दी।
इसकी सूचना नगर कोतवाल भूपेंद्र सिंह को दी गई। सूचना के बाद जब तक कोतवाल पहुंचे अभद्रता करने वाला युवक फरार हो गया। इमरजेंसी कक्ष में पहुंचे नगर कोतवाल के समझानेे पर करीब आधे घंटे बाद इमरजेंसी सेवा चालू की गई। इस बाबत नगर कोतवाल ने बताया कि किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। अभद्रता करने वाले युवक की पहचान की जा रही है। पहचान होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।