तेजी से सांस अंदर की तरफ खींचिए, अब धीरे-धीरे उसे बाहर की तरफ छोड़िए। बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शहर में तड़के से चौतरफा यही आवाज सुनाई दी रही थी। प्रशासन एवं विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित शिविर में माइक के जरिए योग प्रशिक्षक तरीके की जानकारी देते हुए योग करवा रहे थे।
सत्ता एवं प्रशासन के पहली बार इस कार्यक्रम में उतरने से जिले के ग्रामीण अंचलों से लेकर शहर मुख्यालय तक विभिन्न जगहों पर योग शिविर आयोजित हुए। इसमें हजारों ने हिस्सा लिया। हिस्सा लेने वालों में कुछ पुराने थे, जबकि कुछ पहली बार योग से प्रभावित होकर पहुंचे थे।
योग शिविर के दौरान बारिश ने भी खलल डाला। हालांकि उससे योग कार्यक्रम प्रभावित नहीं हो सका। प्रशासन की ओर से पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित योग शिविर का शुभारंभ सुबह पांच बजे जिलाधिकारी हरेेंद्रवीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।