नवजात बालिका शिशुओं के परिजनों को उपहार सौपतीं राज्य महिला आयोग अध्यक्ष। स्रोत- सूचना विभाग
सुल्तानपुर। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान शनिवार को जिले में पहुंचीं। उन्होंने महिला संबंधी योजनाओं की समीक्षा की। परिवहन विभाग के अधिकारियों को टैक्सी व ऑटो के साथ स्कूली वाहनों में चालकों का भी नाम के साथ मोबाइल नंबर भी अंकित कराने के लिए कहा। उन्होंने जिला जेल पहुंचकर महिला कैदियों की समस्याओं व सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
विकास भवन के प्रेरणा सभागार में महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाएं निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की समीक्षा की। जिला पंचायत विभाग से समन्वय स्थापित करके योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आईं 14 पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उसका निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में जन्मीं 18 नवजात बच्चों के परिजनों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। उपहार स्वरूप बेबी किट, कपड़ा व बेबी कंबल देकर सम्मानित किया गया। समाज में बेटियों के बढ़ते प्रभाव एवं उच्च पदों पर आसीन महिलाओं के बारे में सराहना करते हुए शिशुओं के परिजनों से बच्चियों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म व छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस मौके पर जिला प्रोवेशन अधिकारी वीपी वर्मा सिटी मजिस्ट्रेट प्रीती जैन, सीओ सौरभ सावंत, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जेसी सरोज, सीएमएस डॉ. आरके मिश्रा आदि मौजूद रहे।