हनुमानगंज बाईपास के रेलवे ओवरब्रिज से सरिया काटकर निकालते मजूदर।
भदैंया। सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन पर हनुमानगंज बाईपास के रेलवे ओवरब्रिज के दोनों तरफ रेलिंग के पास सड़क पर निकले सरिया को काटने का काम शुरू कर दिया गया है। मंगलवार काे एनएचएआई के कर्मी व मजदूर सरिया काटने के काम में जुटे रहे।
दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मंगलवार को अमर उजाला ने माई सिटी मेें आरओबी पर निकला सरिया, हादसे का खतरा शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद एनएचएआई के अधिकारी हरकत में आए।
परियोजना प्रबंधक के निर्देश पर वाराणसी से सुबह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी पहुंच गए। फर्म के मजदूरों ने कर्मचारियों की देखरेख में गैस कटर की सहायता से सरिया को सड़क की सतह से काटना शुरू कर दिया।
ओवरब्रिज की रेलिंग के दोनों किनारे पर शाम तक सरिया काटने का काम चलता रहा। कर्मचारियों के मुताबिक आरओबी बनाते समय पत्थर को लगाने के लिए फर्म ने सरिया लगाया था, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद नहीं निकाला था। रात में ओवरब्रिज पर लाइट नहीं होने और रेडियम के अभाव में दुर्घटना की आशंका बनी थी। सरिया में फंसकर कई बाइक सवार चोटिल हो चुके हैं।
एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि आरओबी पर निकले सरिया को काटकर निकाला जा रहा है। अवर अभियंता से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।