सुल्तानपुर। 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा में बृहस्पतिवार को सीएलडीएफ व यूपीपीसीएल का कार्य सुस्त मिला। सीडीओ ने दोनों संस्थाओं के अवर अभियंताओं को फटकार लगाते हुए यूपीपीसीएल से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही कार्य के लिए मजदूरों को और बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने डैश बोर्ड के जरिये निर्माण कार्यों की समीक्षा की। सेतुओं के निर्माण, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, साइबर थाना, सद्भाव मंडपम्, पीपी कमैचा में निर्माणाधीन मल्टीपरज सीड स्टोर का कार्य धीमा मिला। उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निर्माण धीमा मिलने पर अवर अभियंता को फटकारा। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को काम पूरा करते हुए उसे समय से संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों को अपनी रैंक बढ़ाने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल, डीसी एनआरएलएम केडी गोस्वामी व अन्य मौजूद रहे।