गौरीगंज स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में अधीक्षण अभियंता धर्म विजय से बातचीत करती महिलाएं। स
अमेठी सिटी। अघोषित बिजली कटौती से नाराज महिला किसान शनिवार को विरोध प्रदर्शन पर उतर आईं। गौरीगंज स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर महिलाओं ने घेराव कर प्रदर्शन किया। बाद में अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की।
सितंबर में भी उमस भरी गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों की परेशानी और बढ़ गई है। महिला किसानों का कहना है कि बिजली न मिलने से खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर किसान नेता रीता सिंह के नेतृत्व में महिलाएं अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचीं और रोष जताया। प्रदर्शन की सूचना पर अधीक्षण अभियंता धर्म विजय मौके पर पहुंचे।
उन्होंने आक्रोशित महिलाओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद महिला किसानों ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रोस्टर के अनुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्मार्ट मीटर के बिल की गड़बड़ी ठीक करने, गांव-गांव शिविर लगाकर त्रुटियों का निस्तारण करने और अघोषित कटौती बंद करने की मांग की गई। महिलाओं का कहना है कि लगातार कटौती से जहां दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है, वहीं खेतों की सिंचाई भी नहीं हो पा रही है। समस्या का समाधान जल्द न किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर श्याम, गीता, कमलेश, ऊषा, नौरंगा और निर्मला आदि मौजूद रहीं।