सुल्तानपुर। क्रेडिट कार्ड का बैलेंस बढ़ाने और अपडेट करने के नाम पर गोसाईगंज के फतेहपुर संगत की एक महिला से करीब 65 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मयूरेश श्रीवास्तव के आदेश के बाद साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोसाईगंज के फतेहपुर संगत निवासी मो. अफसर की पत्नी तरन्नुम के मुताबिक उनका खाता एसबीआई की मुख्य शाखा सुल्तानपुर में है। वह अपने क्रेडिट कार्ड का बैलेंस बढ़ाने के लिए बैंक शाखा गई थीं। वहां उन्होंने बैंक कर्मचारी को अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी दी। आरोप है कि कर्मचारी ने कस्टमर केयर नंबर पर बात की और 101 रुपये जमा करने पर क्रेडिट कार्ड का बैलेंस बढ़ने की बात बताई।
पीड़िता के मुताबिक उन्होंने अपने मोबाइल से 101 रुपये जमा कर दिए थे। इसके बाद 12 जनवरी को एक नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने कार्ड की जानकारी मांगी। पीड़िता ने विश्वास में आकर कार्ड का विवरण साझा कर दिया। इसके बाद उनके खाते से 10,329 रुपये, 15,799 रुपये और 38,763 रुपये की धनराशि निकाल ली गई। जिसमें क्रेडिट कार्ड से भी 38,763 रुपये की खरीदारी किए जाने का आरोप है।
पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत करने के साथ ही 14 जनवरी को पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से सूचना दी थी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। साइबर थाने की प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।