स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बड़ागांव के पास मंगलवार की रात पिकअप से टकराने के बाद अनियंत्रित ट्रक रिहायशी छप्पर पर पलट गया। ट्रक पलटने से छप्पर के अंदर सो रही महिला की मौत हो गई। वहीं, ट्रक से टकराने के बाद पिकअप में आग लग गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया। तब जाकर करीब तीन घंटे बाद जाम खुला।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित बड़ागांव के पास मंगलवार की रात करीब साढ़े 10 बजे लखनऊ की ओर से जा रहे ट्रक की पिकअप से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक छप्पर पर पलट गया। जबकि पिकअप में आग लग गई। ट्रक पलटने से छप्पर के नीचे सो रही जोहरा (50) पत्नी स्व. सहाबुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर जोहरा के घर वाले बाहर निकल आए।
दुर्घटना के बाद ट्रक व पिकअप चालक मौकेे से भाग गए। दुर्घटना के बाद आस-पास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। सड़क पर खड़ी पिकअप में आग लगने से लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर जाम लग गया। ग्रामीणों की सूचना पर जगदीशपुर थाने की पुलिस दुर्घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर छप्पर पर गिरे ट्रक को हटवाया। इसके बाद जोहरा का शव बाहर निकाला गया। शव देख घर में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने पिकअप में लगी आग को बुझाया और दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को किनारे करवाया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा रहा। जोहरा के बड़े पुत्र निजामुद्दीन ने ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष जगदीशपुर आरके यादव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस के कब्जे में हैं।