होली में अब सिर्फ छह दिन बाकी हैं। बाजार में हर्बल रंग व गुलाल की बिक्री बढ़ गई है। किराने की दुकानों पर लगी भीड़ महंगाई पर भारी होली के उत्साह को बयां कर रही हैं। हालांकि पिछले साल की तुलना में तकरीबन हर सामान के दाम बढ़ गए हैं। शहर की दुकानें इन दिनों रंगों और पिचकारियों से सजी हैं। किराने की दुकान पर भी खूब भीड़ है। पिचकारियों में स्पाइडर मैन, छोटा भीम, डोरीमान, ड्रैगन, बैटमैन आदि मार्केट में धूम मचा रहे हैं।
बच्चे पर्व को लेकर खास उत्साहित नजर आ रहे हैं। मुरारीदास गली के दुकानदार बब्लू बताते हैं कि हर साल की तरह इस बार भी लोग होली के त्योहार को लेकर खूब खरीददारी कर रहे हैं। शहर से ज्यादा ग्रामीणांचलों के ग्राहक पिचकारियों की खरीद कर रहे हैं। इस बार लोग दानेदार हर्बल कलर ज्यादा खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीर कमान दानेदार हर्बल रंग 150 रुपये/पैकेट की दर से बेचा जा रहा है।
शहर के चौक स्थित दुकानदार जमुना प्रसाद कसौंधन ने बताया कि उनके यहां अलग-अलग कलर में हर्बल गुलाल बेचा जा रहा है। 20 रुपये में 100 ग्राम गुलाल की बिक्री की जा रही है।
जूनियर हाई स्कूल के शिक्षक महादेव प्रसाद तिवारी कहते हैं कि होली में सूखे रंगों का ज्यादा प्रयोग किया जाना चाहिए। हुड़दंगई के कारण लोग अलकतरा, मोबिल, कीचड़ आदि का प्रयोग करते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। ऐसा करने से लोगों को बचना चाहिए।
मधुसूदन इंटर कॉलेज के रिटायर शिक्षक विंध्यवासिनी तिवारी ने कहा कि होली खुशियों का पर्व है। उन्होंने आधुनिकता की चकाचौंध में फगुआ गीतों से लोगों का मोह भंग होने को दुखद बताया। व्यवसायी अनूप श्रीवास्तव बताते हैं कि त्योहार में लोगों को हुड़दंगई से बचना चाहिए। कभी-कभी रंग लगाने को लेकर बड़ा बखेड़ा खड़ा हो जाता है। सूखे रंगों से होली को सौहार्र्दपूर्वक मनाएं।