कूरेभार (सुल्तानपुर)। क्षेत्र में शनिवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना के बाद पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मृतका के पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।
यह घटना कूरेभार क्षेत्र के प्रतापपुर में हुई। गांव निवासी सत्येंद्र की शादी जयसिंहपुर क्षेत्र के सवनिया हरदो निवासी राम सुमेर की पुत्री सिम्पा के साथ हुई थी। शनिवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में सिम्पा (21) का शव छत के हुक के सहारे रस्सी से बंधा लटकता पाया गया।
परिवारीजनों की सूचना के बाद एसओ कूरेभार अमरेंद्र बहादुर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बेटी की मौत की सूचना के बाद पहुंचे पिता राम सुमेर ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
एसओ ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर सिम्पा के पति सत्येंद्र, ससुर वंशराज, जेठ जितेंद्र व ननद संगीता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।