मुसाफिरखाना (अमेठी)। कस्बा स्थित सब्जी मंडी के पास स्थित तालाब में शुक्रवार की सुबह एक महिला का शव पाया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महिला के बेटे ने तालाब में पैर फिसलने की आशंका जताई है।
मुसाफिरखाना कोतवाली से करीब सौ मीटर दूर स्थित सब्जी मंडी स्थित सगरा के सीढ़ियों के पास शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने चप्पल तथा शॉल देखी तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस जांच में जुटी थी। तभी उसे तालाब में शव दिखा। शव बाहर निकालकर पुलिस कर्मी शिनाख्त में जुट गए।
इस बीच महिला के शव की शिनाख्त स्थानीय लोगों ने महादेई (60) निवासी मुसाफिरखाना कस्बा के रूप में की। सूचना के बाद पहुंचे महादेई के बेटे संतोष ने पुलिस को तहरीर देकर अंदेशा जताया कि उसकी मां घर से सुबह टहलने निकली थी। संभवत: पैर धोते समय उनका पैर फिसल गया और वे तालाब में गिर पड़ी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।