सुल्तानपुर। धनपतगंज के हरौरा बाजार के पास बुधवार शाम बाइक सवार दंपती गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर गिर गए। इस दौरान पत्नी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे कुचलकर उनकी मौके पर मौत हो गई।
हलियापुर के जरईकला निवासी शिवलाल पत्नी निशा (30) के साथ अयोध्या के चकड़ड़वा शंकरपुर ससुराल गए थे। शाम को बाइक से दोनों घर लौट रहे थे। हरौरा बाजार के पास बिनगी मोड़ पर एक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों बाइक से गिर पड़े। तभी निशा ट्रैक्टर ट्राॅली के पहिये के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। पति शिवलाल को कोई चोट नहीं आई।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। शिवलाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में दो बेटियां व एक बेटा है। निशा की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।- संवाद
बाइक की भिड़ंत में बालक सहित दो घायल
सुल्तानपुर। बल्दीराय अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर डीह के पास बुधवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में किशोर व दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सौभाग्य उपाध्याय (18) सिद्धार्थ उपाध्याय (12) निवासी डेहरियावां, हलियापुर व श्रीराम यादव (30) निवासी सेंदुरापुर मजरे डीह बल्दीराय स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से पिठला कुमारगंज अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया।