सुल्तानपुर। हरिहर अप एक्सप्रेस से बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ जा रहे मां-बेटे की तबीयत अचानक गंभीर हो गई। वाराणसी से ट्रेन सुल्तानपुर पहुंची तो दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां मां की मौत हो गई जबकि बेटे का इलाज चल रहा है।
चंडीगढ़ की रहने वाली किशोरी देवी (50) अपने पुत्र प्रदीप (25) और बेटी सरिता (28) के साथ छपरा रेलवे स्टेशन से हरिहर अप एक्सप्रेस पर चंडीगढ़ जाने के लिए सवार हुई। तीनों स्लीपर कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के वाराणसी स्टेशन से रवाना होने के बाद अचानक किशोरी व उसके पुत्र प्रदीप की तबीयत खराब हो गई। दोनों को पेट दर्द के साथ चक्कर आने लगा।
सुल्तानपुर ट्रेन के पहुंचने से पहले किशोरी देवी अचेत हो गई। कंट्रोल रूम की सूचना के बाद किशोरी व उसके पुत्र-पुत्री को आरपीएफ ने सुल्तानपुर स्टेशन पर उतारा। मां-बेटे को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां किशोरी देवी की मौत हो गई।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मृतका की पुत्री ने ट्रेन में चल रहे टीटी व अन्य स्टाफ पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।