सुल्तानपुर। चाचा-भतीजा हत्याकांड में बुधवार को एडीजे प्रथम की अदालत में साक्षी दुर्गेश यादव गैरहाजिर रहे। उन्हें पेश करने के लिए अभियोजन पक्ष ने समय की मांग की।
अपर जिला जज संतोष कुमार की अदालत ने साक्षी की शेष जिरह के लिए 27 जून की तिथि नियत की है। अमेठी जिले के मुसाफिरखाना के भद्दौर निवासी संग्रह अमीन सुरेश यादव व उनके भतीजे बृजेश यादव की 27 फरवरी 2023 को चुनावी रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी जलालुद्दीन समेत 13 आरोपियों के खिलाफ विचारण चल रहा है। (संवाद)
अधिवक्ता हत्याकांड में साक्षी चिकित्सक से जिरह चार जुलाई को
सुल्तानपुर। अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड में बुधवार को साक्षी चिकित्सक डॉ. आरके मिश्रा जिरह के लिए एफटीसी प्रथम की अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। फास्ट ट्रैक जज जलाल मोहम्मद अकबर के अवकाश पर होने की वजह से भी सुनवाई बाधित रही। इस मामले में अगली सुनवाई के लिए चार जुलाई की तिथि नियत की गई है। कोतवाली देहात के भुलकी चौराहे के पास छह अगस्त 2023 को अधिवक्ता आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में इकरामुद्दीन सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ ट्रायल चल रहा है,जबकि मुख्य आरोपी इनामी सिराज अहमद उर्फ पप्पू लगातार फरार चल रहा है। (संवाद)