सर्व समभाव पार्टी के प्रचारक व बॉलीवुड के चर्चित हास्य कलाकार राजपाल यादव ने कहा कि फिल्म के अलावा वे अपना सारा समय समाजसेवा और राजनीति के क्षेत्र में देंगे। आज राजनीतिक पार्टियों के लोग चुनाव करीब आने पर जातिगत समीकरण का प्रयोग कर लोगों को गुमराह करते हैं। इससे परे सर्व समभाव पार्टी हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलेगी। उनकी सरकार बनी तो यूपी में यमुना नदी के किनारे फिल्म सिटी बनेगी। इससे स्थानीय लोगों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। वे रविवार को शहर के तिकोनिया पार्क में सर्व समभाव पार्टी की रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अपनी चुनावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कहा कि अब वे साल के 200 दिन यदि बॉलीवुड में काम करेंगे। बाकी के दिन समाजसेवा व राजनीति में बिताएंगे। सर्व समभाव पार्टी के लिए वे पूरी निष्ठा के साथ समर्पित हैं। उनकी पार्टी 390 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अपने बड़े भाई व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीपाल यादव को हर संभव सहयोग का वादा किया। कहा कि पिछले 15 वर्षों में जिन दलों की सरकारें यूपी में बनीं, उन्होंने गरीब और किसानों के हित का ध्यान नहीं रखा। किसानों की पीड़ा, उनकी मेहनत और फसल का उचित दाम देने में सरकारों ने रुचि नहीं दिखाई।
यदि यूपी में उनकी सरकार बनी तो सबसे पहले वे फिल्म सिटी बनवाएंगे। सर्व समभाव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीपाल यादव ने कहा कि आज हमारे देश में राजनीतिक पार्टियां पैसे देकर खरीद-फरोख्त में लगी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेश यादव व आयोजक उदयराज वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन अनिल वर्मा, पंकज वर्मा, राजवीर श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद रहे।