जिले में रविवार को कोहरे ने दस्तक दे दी। सुबह छाए घने कोहरे से ठंड बढ़ गई। इससे निजात पाने को लोगों ने अलाव का सहारा लिया। कोहरे की धुंध से लोगों को सुबह के समय वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। धूप निकलने पर लोगों को ठंड से राहत मिल गई। कोहरे के दस्तक देने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को सुबह कोहरा रहने और ठंड में वृद्धि की संभावना जताई है।
रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह लोग सोकर उठे तो आसमान में कोहरा था। सीजन में पहली बार कोहरे की दस्तक ने ठंड बढ़ा दी। कोहरे से तापमान में आई गिरावट से लोग ठंड से ठिठुरते रहे। बचाव को लोगों ने अलाव का सहारा लिया। सुबह के समय घना कोहरा रहने से लोगों को चार पहिया व दो पहिया वाहन की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। सुबह करीब साढ़े आठ बजे कोहरा साफ हो गया और हल्की धूप निकल आई।
नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह नागा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आर्द्रता (नमी) 97-54 फीसदी रही। दक्षिणी-पछुआ हवा की गति 1.0 किमी/घंटे रही। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी कोहरा रहने और ठंड में इजाफा होने की संभावना है।