वलीपुर में पीएम के जन्मदिन केक काटते प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री व अन्य
सुल्तानपुर। प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री व सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को इसौली के वलीपुर में आयोजित रैली में कहा कि उनकी पार्टी बिहार में एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। इसका मसौदा लगभग तय हो चुका है। उन्होंने रैली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर पंचायतीराज मंत्री ने 75 किलो का केक काटा। मंत्री के सामने ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने सुभासपा का दामन थाम लिया। कैबिनेट मंत्री ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव साढ़े आठ साल सत्ता में रहे और खजाने को लूटते रहे। अब महल का माल खत्म हो गया है। उनके पास मुसलमान, पिछड़ा और एससी वर्ग का हक लूटने की मशीन है। अब उनकी मशीन नहीं चलने वाली है।
उन्होंने गांवों में उत्सव भवन बनाए जाने की जानकारी दी। बताया कि प्रदेश के 57,461 गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की तैयारी चल रही है। जनता को पीएम सूर्य घर योजना व पीएम आवास के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कुड़वार क्षेत्र की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बेटी के साथ हैवानियत करने वाले आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनीत सिंह, संगठन मंत्री मनोज शर्मा, शिवम श्रीवास्तव ,धर्मराज कश्यप, बाबूलाल धुरिया व अन्य मौजूद रहे।