शहर के चौक में पूजन सामग्रियों की खरीदारी करते लोग।
सुल्तानपुर। शारदीय नवरात्र के लिए बाजार गुलजार हो गए हैं। एक दिन पहले रविवार को दिन भर शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों की साफ-सफाई व रंग-रोगन का कार्य किया गया।
व्रतधारियाें ने बाजार पहुंच नारियल, चुनरी, कलश और पूजन सामग्रियों की खरीदारी की। सोमवार से माता रानी के पूजा-पाठ की धूम रहेगी। दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर देवी पंडालों में भी कलश स्थापित किया जाएगा।
सोमवार से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहा है। देवी मंदिरों व अन्य देवालयों पर भक्तों की भीड़ उमड़ती है। शहर के सीताकुंड, मां काली मंदिर शाहगंज, रुद्र नगर स्थित नयना माता मंदिर, लोहरामऊ स्थित देवी मंदिर व सभी देवी मंदिरों पर साफ-सफाई व रंग-रोगन का कार्य रविवार को दिन भर चला। बाजार में रौनक दिखने लगी है। शहर के चौक इलाके में लोगों ने पूजन सामग्रियों की खरीदारी की।
चौक के दुकानदार जमुना प्रसाद कसौधन ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार करीब 10 फीसदी सामानों के दाम में वृद्धि हुई है।
कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त : शहर के शाहगंज चौराहा स्थित लाला बैजूसाव मंदिर के पुजारी और कथा प्रवाचक बृजेशाचार्य महाराज ने बताया कि सोमवार से नवरात्र शुरू हो रहा है। प्रतिपदा तिथि पूरे दिन सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक है।
साधक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय कलश स्थापना कर सकते हैं। अष्टमी का व्रत 30 सितंबर को किया जाएगा। एक अक्तूबर को नवमी तिथि में हवन-पूजन होगा। साधक दो अक्तूबर को दोपहर ढाई बजे के बाद व्रत का पारण कर सकते हैं।