अलीगंज/कुड़वार। सियार की दहशत से बेला पश्चिम गांव के ग्रामीण परेशान हैं। चौकीदारों की ड्यूटी लगने के बाद भी ग्रामीण आशंकित हैं। कर्मियों की सूचना पर डीएफओ (प्रभागीय वन अधिकारी) अमित सिंह रविवार को बेला पश्चिम गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करके उनका हाल जाना।
गांव में शुक्रवार रात एक सियार ने सात ग्रामीणों व दो मवेशियों को काटकर घायल कर दिया था। ग्रामीणों में शनिवार रात भी दहशत बनी रही। लोगों ने जागकर रात काटी। डीएफओ ने सियार के हमले में घायल ग्रामीणों का हाल जाना। इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
कहा कि खतरा टलने तक घर में सोएं। पालतू जानवरों के स्थान पर बांस का बाड़ा लगा दें। बच्चों को अकेले न निकलने दें। शनिवार रात से ही वन विभाग की तरफ से तीन चौकीदारों की ड्यूटी गांव में लगाई गई है। चौकीदार रात में गांव में पहरा दे रहे हैं।
सियार के हमले में घायल 75 वर्षीय कैलाशपती प्रजापति ने डीएफओ को बताया कि उनकी आर्थिक हालत ठीक नहीं है। डीएफओ ने उन्हें समुचित इलाज का भरोसा दिलाया। इस दौरान रेंजर राजकुमार मौर्य, वन दरोगा दिवाकर पांडेय, बीट इंचार्ज विजय बहादुर सिंह, दूधनाथ यादव, संजय सिंह, शिवम, मंजू सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।