कूरेभार थाने में पकड़ा गया ट्रक।
कूरेभार (सुल्तानपुर)। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर गुप्तारगंज कस्बे में रविवार दोपहर ट्रक से टकराकर बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति को कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।
अयोध्या जिले के हैदरगंज के थरिया गांव निवासी अर्जुन मिश्र (40) रविवार शाम चार बजे बाइक से अपनी पत्नी कंचन (35) को लेकर शंकरगढ़ के धर्मदासपुर गांव जाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में गुप्तारगंज कस्बे के पास पीछे से जा रहा ट्रक उनकी बाइक में भिड़ गया। दुर्घटना में अर्जुन व उनकी पत्नी कंचन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सक ने कंचन को मृत घोषित कर दिया।
कूरेभार थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक अयोध्या से प्रयागराज जा रहा था। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
अज्ञात वाहन से टकराकर युवक की मौत
चांदा (सुल्तानपुर)। सोनावा गांव के पास फोरलेन पर शनिवार देर रात पैदल सड़क पार कर रहे युवक (45) अज्ञात वाहन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी प्रतापपुर कमैचा में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी कोइरीपुर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।