अमेठी। नांदी गांव में एक युवक ने युवती के शादी से इंकार करने पर सोमवार की रात घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिवारीजनों के अनुसार जहां मृत युवक की शादी तय थी वह युवती उसके छोटे भाई के साथ शादी करना चाहती थी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के नांदी गांव निवासी आसिफ (22) पुत्र मकबूल का इसी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से चार माह पूर्व शादी तय हुई थी।
शादी तय होने के बाद आसिफ का छोटा भाई युवती से फोन पर बात करने लगा। युवती आसिफ के बजाय उसके छोटे भाई से शादी करना चाहती थी। इसे लेकर एक माह पहले आसिफ ने अपना हाथ ब्लेड से कट लिया था।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था। दो दिन पहले एक बार फिर युवती ने आसिफ से शादी करने से इंकार कर दिया। इससे आसिफ मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सोमवार की रात आसिफ ने घर के अंदर ही फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आसिफ से युवती ने शादी करने से इंकार कर दिया, जिससे उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच में पता चला है कि युवती मृतक के छोटे भाई से शादी करना चाहती थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।