सुल्तानपुर। जिले में बृहस्पतिवार के मंडरा रहे बादलों के बीच शुक्रवार को मौसम खराब हो गया। दिन भर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 24 घंटे में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।
जिले में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम खराब होने से धूप नहीं निकली। बूंदाबांदी से रबी की फसलों की बोआई में लगे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश से किसानों की बोई गई फसलों के नुकसान व बोआई की तैयारी पिछड़ने की आशंका है। दिन भर बादल छाए रहने से ठंड में थोड़ी कमी आई है। मौसम विभाग ने चौबीस घंटे में हल्के से मध्यम बारिश छाए रहने व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की गति 2.8 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई है।