सुबह के समय आसमान में धुंध छाई रहने से लोग गलन भरी ठंड से बेहाल रहे। दोपहर के समय तेज धूप होने से लोगों को ठंड से राहत मिल गई। मौसम विभाग ने रविवार सुबह के समय आसमान में धुंध छाई रहने और ठंड में वृद्घि की संभावना जताई है।
जिले में पिछले कई दिनों से तापमान बढ़ने से ठंड कम हो गई थी। सुबह-शाम और रात को छोड़कर दिन में कड़ाके की धूप होने से ठंड गायब हो गई थी। शनिवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदल लिया। सुबह के समय आसमान में धुंध छाई रही। धुंध के साथ ही बर्फीली हवाओं के चलने से सुबह कड़ाके की ठंड होने लगी।
गलन भरी ठंड होने से लोग परेशान हो गए। कड़ाके की ठंड के बीच बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। ठंड से बचाव के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। 4.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिणी-पछुआ हवा चलने से सुबह करीब नौ बजे धुंध साफ हो गई और धूप निकल आई। धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलने लगी।
आज सुबह धुंध छाई रहने के आसार
मौसम विभाग ने रविवार सुबह आसमान में धुंध छाई रहने और ठंड में वृद्घि होने की संभावना जताई है। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह नागा ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।