सुल्तानपुर। दिन में तेज धूप रहती है, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ने लगी है। मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों को बीमार कर रहा है। लोग जुकाम-बुखार व खांसी से पीड़ित हो रहे हैं। रविवार को 47 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में ऐसे मरीजों की भरमार रही। चिकित्सकों ने इसे वायरल संक्रमण बताते हुए दवा देकर मरीजों को एक सप्ताह में आराम नहीं मिलने पर जांच कराने की सलाह दी।
मियादी बुखार के मरीज मिले
दोस्तपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छीतेपट्टी में आरोग्य मेले में 47 मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादातर लोग बुखार से पीड़ित थे। जांच में कुछ मरीज मियादी बुखार के भी मिले।ताजुद्दीनपुर निवासी नेहा, इमलीगांव के गया प्रसाद, दुर्गा खालिसपुर की कमला व रवींद्र सिंह ने बताया कि जुकाम-बुखार से पीड़ित होने पर दवा लेने आए हैं। डॉ. देव नारायण निषाद ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के कारण बुखार व जुकाम के मरीज बढ़े हैं।
70 मरीजों का हुआ इलाज
भदैंया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज में रविवार को आरोग्य मेले में 70 मरीजों का इलाज किया गया। बदलते मौसम के कारण मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। रामगढ़ खानीपुर, सकवा, धनीपुर सहित आसपास के कई गांवों से आए मरीजों का डॉ. मंजर ने चेकअप करके दवाएं दीं। उन्होंने बताया कि बुखार, खांसी-जुकाम, त्वचा रोग के अधिक मरीज आए।
बदलते मौसम में सतर्क रहने की दी सलाह
शिवगढ़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसौना में सुबह से लगे मेले में 26 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें रक्तचाप, मधुमेह, चर्म रोग के अलावा बुखार के मरीज आए। सुशीला, पूनम, रमेश, शिवशंकर, शैलेश, संतोष, सुशीला ने बताया कि जुकाम व बुखार से पीड़ित होने पर दवा लेने आए हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रामकुमार गुप्ता ने बताया कि जांच कराकर दवाएं दी गईं।