कुड़वार के मीरपुर परसीपुर स्थित पानी की टंकी। स्रोत-ग्रामीण
कुड़वार। जल जीवन मिशन के तहत मीरपुर परसीपुर ग्राम पंचायत में पेयजल की आपूर्ति शुरू हो गई। इस परियोजना से 720 परिवारों को राहत मिली है। अमर उजाला की ओर से क्षेत्र में पेयजल संकट के लिए चलाए गए अभियान का असर देखने को मिला है। गांव में जलापूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें हैंडपंपों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान योगेंद्र तिवारी ने बताया कि पहले महिलाओं को छोटे-छोटे घरेलू कार्यों के लिए भी हैंडपंप से पानी भरना पड़ता था। पानी की टंकी चालू होने से समस्या खत्म हो गई है। परियोजना के तहत 3.22 करोड़ रुपये की लागत से 250 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी बनाई गई है। ग्राम पंचायत के 12 मजरों में सुबह और शाम क्लोरीनयुक्त जल की आपूर्ति की जा रही है। गांव निवासी लीलावती, रामपति, जगदीश, सरफराज, सुमन मौर्य और ओमप्रकाश ने बताया कि नियमित जलापूर्ति से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचा पानी
ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं। जल निगम के अधिशासी अभियंता वकार हुसैन ने बताया कि आगामी 10 वर्षों तक इस परियोजना की देखरेख संबंधित फर्म की ओर से की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर अग्निशमन यंत्र लगाए गए हैं, जबकि भूजल संरक्षण के लिए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पिट का निर्माण भी कराया गया है।