सुल्तानपुर। बिजली बिल के लिए अब स्मार्ट मीटर वाले 66 हजार उपभोक्ताओं को न बिल का इंतजार करना पड़ेगा और न ही विद्युत निगम के दफ्तर की दौड़ लगानी होगी। विद्युत निगम ने जिले में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल जारी करने की तारीख तय कर दी है। हर माह छह तारीख को बिल जारी होगा और इसकी जानकारी सीधे उपभोक्ता के मोबाइल पर एसएमएस के जरिये पहुंचेगी।
अधीक्षण अभियंता वीके जैन ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए बिल जारी करने की तारीख निर्धारित की गई है। जिले में करीब 66 हजार स्मार्ट मीटर लगे हैं। इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पहले प्रीपेड थे, जिन्हें अब पोस्टपेड कर दिया गया है। निर्धारित तारीख पर बिल जारी होने से उपभोक्ता को अपनी खपत और देय राशि की जानकारी महीने की शुरुआत में ही मिल जाएगी।
बिल न मिलने की शिकायत पर लगेगा अंकुश : अभी बिल की जानकारी न मिलने, बिल देर से मिलने या बकाया स्पष्ट न होने पर उपभोक्ताओं को बिजली कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। नई व्यवस्था से इन समस्याओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।