सुल्तानपुर। जिले की 979 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण होगा। इसमें दूसरी जगह शिफ्ट होने व मृत हो चुके लोगों का नाम हटाया जाएगा। नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे। जनवरी 2026 में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का पांच साल का कार्यकाल पूरा होते देख राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, पुनरीक्षण कार्य 18 जुलाई 2025 से 15 जनवरी 2026 तक चलेगा। नई सूची में शामिल होने के लिए 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवकों को ऑनलाइन आवेदन के जरिये वोटर बनने की सुविधा दी गई है।
जिले के 979 ग्राम पंचायतों में बीएलओ लगाए जाएंगे, जोकि घर-घर जाकर बीएलओ सूची व आवेदन का सत्यापन करेंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी होने के बाद ग्राम पंचायतों में सरगर्मी बढ़ गई हैं।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन व पंचायत स्थानिक के प्रभारी गौरव शुक्ल ने बताया कि छुट्टी की वजह से अभी राज्य निर्वाचन आयोग का आदेश देखा नहीं गया है। सोमवार को आदेश देखने के बाद आयोग की गाइड लाइन के मुताबिक कार्य किया जाएगा।