फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एडीओ पंचायत का घूस लेते वीडियो वायरल

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। जिले के बाजार शुकुल ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत का घूस लेते वीडियो वायरल हुआ है। बुधवार शाम एडीओ का घूस लेते वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद डीपीआरओ ने एडीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति उप निदेशक (पंचायत) अयोध्या को भेज दी है।
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर बुधवार शाम एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठा हुआ है और उसके हाथ में पांच-पांच सौ रुपये के नोट हैं। इसी वीडियो में दूसरा व्यक्ति रुपये गिनकर देता दिख रहा है। दूसरा व्यक्ति गिनकर छह नोट देते हुए कहता है, आठ हजार। जवाब में कुर्सी पर बैठा आदमी कहता है कि अभी 12 बचा है।
दूसरा आदमी दो हजार और ले लेने की बात कहते हुए कहता है कि साहब कुछ तो रियायत किया करिए। कुर्सी पर बैठा व्यक्ति शांत रहने का इशारा करता है। वीडियो में कुर्सी पर बैठा व्यक्ति बाजार शुकुल ब्लॉक का एडीओ पंचायत राम मिलन और रुपये देने वाला इसी ब्लॉक के ऊंचगांव का प्रधान प्रतिनिधि मजहर बाबू बताया जा रहा है।
विज्ञापन

वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के तत्काल बाद डीएम ने डीपीआरओ को एडीओ के निलंबन की संस्तुति उप निदेशक (पंचायत) अयोध्या को भेजने का निर्देश दिया।
डीएम के स्पष्ट निर्देश के बावजूद डीपीआरओ ने अपने कर्मचारी का बचाव करते हुए उसके खिलाफ सिर्फ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति उप निदेशक को भेजी। हालांकि मामला सामने आने के बाद डीएम ने फटकार लगाई तो डीपीआरओ ने निलंबन की संस्तुति भेजी।
31 जनवरी को है रिटायरमेंट
जिस एडीओ पंचायत का घूस लेते वीडियो बुधवार शाम वायरल हुआ, उसका 31 जनवरी 2020 को ही रिटायरमेंट है। सेवानिवृत्ति के एक दिन पूर्व घूस लेते वीडियो वायरल होने के बाद एडीओ के तमाम देयक व पेंशन भी बाधित हो सकती है।
राज्य मंत्री ने ट्वीट कर कहा, हो एफआईआर
अपनी विधानसभा क्षेत्र के एक ब्लॉक से घूस लेते वीडियो वायरल होने के बाद देर रात सूबे के राज्य मंत्री सुरेश पासी ने अपने टवीटर हैंडल से वीडियो के साथ एक पोस्ट डाली। राज्य मंत्री ने लिखा विकास खंड बाजार शुकुल में एडीओ पंचायत की ओर से फाइल संस्तुति करने के लिए ग्राम प्रधान से रिश्वत लेते वीडियो वायरल। एडीओ पंचायत पर कार्रवाई के साथ एफआईआर हो। यह पोस्ट डीएम अमेठी, स्मृति ईरानी, सीएम ऑफिस और अमेठी पुलिस को टैग की गई है।
घूस के सवाल पर एडीओ का जवाब
एडीओ पंचायत राम मिलन ने कहा कि मेरा 31 जनवरी को रिटायरमेंट है। ऊंचगांव प्रधान प्रतिनिधि मजहर बाबू ने मुझसे दस हजार रुपये उधार लिया था, जिसे लौटाते समय उन्होंने वीडियो बना लिया। मेरे साथ साजिश हुई है।
डीएम ने कहा निलंबन के बाद जांच
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि एडीओ पंचायत के निलंबन की संस्तुति डीपीआरओ की ओर से भेजी जा चुकी है। प्रथम दृष्टया वह पैसा मांगते दिख रहा है। मामले की जांच कर अन्य वैधानिक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कई वीडियो हो चुके वायरल
घूस लेते वीडियो वायरल होने का यह कोई नया मामला नहीं है। इसके पहले भी कलेक्ट्रेट में तैनात माल बाबू समेत कई अन्य ब्लॉकों से घूस मांगते व लेते वीडियो वायरल हुए हैं। वीडियो वायरल होने के दिन अधिकारी भले ही बड़ी-बड़ी बातें करें लेकिन हफ्ते दस दिन में ही सब कुछ पुराने ढर्रे पर चलने लगता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें