सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण ने ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। हलियापुर से कई गांव को जोड़ने वाली सड़क पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जद में आ गई है। अंडरपास बनाने के बजाय निर्माण एजेंसी जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण कर रही है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी वित्त उमाकांत त्रिपाठी व बल्दीराय एसडीएम राजेश सिंह से मुलाकात कर अंडरपास बनाए जाने की मांग की।
हलियापुर गांव से कांकरकोला संपर्क मार्ग के बीच में पड़ने वाले पिपरी, जमालपुर, नेवादा, पूरे भवानी सेवक आदि गांव से आवाजाही के लिए लोग वर्षों से कच्ची सड़क का उपयोग कर रहे थे।
इस पर लगभग दो हजार लोगों की आवाजाही प्रतिदिन होती थी। सड़क के दोनों तरफ हजारों बीघा कृषि योग्य जमीन है। इस मार्ग से गुजरने वाले सभी गांवों की आबादी लगभग 25 हजार है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में बन रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की निर्माण एजेंसी अंडरपास नहीं बनाकर जल निकासी के लिए दो मीटर गहरा नाला बनवा रही है।
यदि इस नाले की ऊंचाई डेढ़ मीटर और चौड़ाई एक मीटर बढ़ा दी जाती तो लोगों को आवाजाही में सुविधा होती और कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर आदि भी आ जा सकते थे। ग्रामीणों ने शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी उमाकांत त्रिपाठी व बल्दीराय एसडीएम से मुलाकात की और अंडरपास बनाए जाने की मांग की। इस मौके पर बृजेंद्र प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, अनुपम सिंह, रंजीत सिंह, कल्लू सिंह, रामू सिंह मौजूद रहे।
ग्रामीणों की मांग पर एडीएम ने यूपीडा के अधिकारियों से बात की और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। यूपीडा के अधिकारियों ने भी किसानों की समस्याओं को जायज बताया। इस पर एडीएम ने साइड लेन का निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि साइड लेन का निर्माण कराते हुए आवाजाही सुनिश्चित कराई जाएगी।