सुल्तानपुर। फरीदीपुर उपकेंद्र पर ड्यूटी के दौरान एक संविदा कर्मी का शराब पीने का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अधीक्षण अभियंता ने इसे संज्ञान लेते हुए एक्सईएन प्रथम को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अमर उजाला ऐसे किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में प्रथम वितरण खंड क्षेत्र के फरीदीपुर बिजली उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) व एक अन्य व्यक्ति शराब की महफिल जमाए बैठे हैं। वीडियो शनिवार रात का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक फरीदीपुर उपकेंद्र पर संविदा बिजली कर्मी रोजाना रात को ऑन ड्यूटी शराब पीते हैं। अधीक्षण अभियंता (एसई) अखिलेश सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो में शराब पीते हुए ऑपरेटर रवीश पाल बताया जा रहा है। अधिशासी अभियंता (प्रथम) पवन कुमार से इस प्रकरण की जांच रिपोर्ट तलब की गई है। वायरल वीडियो की पुष्टि होने पर आरोपी कर्मी की संविदा समाप्त कर दी जाएगी।