सुल्तानपुर। साइबर थाने की पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में साइबर ठगी के शिकार लोगों को 39,496 रुपये दिलाए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक पीड़ित को आंशिक और दूसरे को पूरी रकम वापस मिल गई। गोसाईगंज के राजापुर निवासी मो. सकलैन मुस्तफा से पांच मार्च को व्हाट्सएप पर भेजे गए फर्जी लिंक के माध्यम से 14,497 रुपये की साइबर ठगी हुई थी।
शिकायत मिलने पर एनसीआरपी पोर्टल पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के प्रयास से पीड़ित के खाते में 9,496 रुपये वापस करा दिए गए। चांदा के रामपुर निवासी इरशाद अली से 10 जुलाई को लोन दिलाने का झांसा देकर 30 हजार रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज कर संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद पीड़ित को 30 हजार रुपये की धनराशि मिल गई।
साइबर थाने की प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देर किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।