मनरेगा में बड़े पैमाने पर बरती गई अनियमितता के मामले में बीडीओ जामों के निलंबन के बाद अब रामपुर नौरंगाबाद में तैनात ग्राम विकास अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई बीते दिनों जांच के लिए शासन से आई विशेष टीम की रिपोर्ट पर की गई है। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में अनियमितता की पुष्टि की थी।
मनरेगा में गड़बड़ी का मामला जामों में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों पर भारी पड़ने लगा है।
राज्य स्तरीय टीम की ओर से बीते दिनों हुए निरीक्षण में अनियमितता की रिपोर्ट मिलने के बाद शासन ने पांच दिन पूर्व बीडीओ हरिशंकर गुप्ता को निलंबित कर दिया था। बीडीओ के निलंबन के बाद से ही कई अन्य कर्मचारियों पर गाज गिरने की संभावना के बीच सोमवार को जिला विकास अधिकारी ओमप्रकाश पांडेय ने जामो ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामपुर नौरंगाबाद में तैनात ग्राम विकास अधिकारी शिशिर श्रीवास्तव को सस्पेंड कर उनके खिलाफ विभागीय जांच का आदेश दिया है। डीडीओ ने बताया कि जांच टीम की ओर से प्रेषित रिपोर्ट में वीडीओ पर मनरेगा के तहत ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरतने की पुष्टि होने की बात कही गई है।
कई अन्य पर भी जल्द गिरेगी गाज
विभागीय सूत्रों की मानें तो राज्य से आई विशेष टीम ने रामपुर नौरंगाबाद में हुए ग्राम पंचायत के कार्यों के अलावा छह क्षेत्र पंचायत के कार्य का निरीक्षण किया था। टीम को सभी कार्यों में व्यापक गड़बड़ी मिली थी। सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र पंचायत के कार्यों में अनियमितता के मामले में छह ग्राम पंचायत अधिकारियों को सस्पेंड करने के लिए डीपीआरओ को पत्र भेजा जा चुका है। हालांकि डीपीआरओ एसबी सिंह ने ऐसा कोई पत्र मिलने की बात से इंकार किया।