सुल्तानपुर। खसरा से बच्चों को बचाने के लिए जिले में पांच से दस साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। सभी सरकारी प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय और मदरसा में कक्षा एक से पांच तक बच्चों को वैक्सीन लगेगी। यह अभियान 16 से 27 फरवरी 2026 तक चलेगा। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि कार्ययोजना तैयार की गई है। 30 जनवरी तक ब्लॉक स्तरीय समन्वय बैठक और कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
सीएमओ ने बताया कि यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी। सभी स्कूल सत्रों को यू-विन पोर्टल के मीजल्स व रूबेला (एमआर) कैंपेन टैब पर प्रकाशित किया जाएगा। अभियान की हर रोज रिपोर्टिंग यू-विन पोर्टल एवं निर्धारित प्रपत्र पर की जाएगी। साथ ही 12 माह से अधिक आयु के बच्चों के लिए एचएमआईएस पोर्टल के मीजल्स वैक्सीनेशन टैब पर भी डाटा अंकित किया जाएगा। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जनपद स्तर के अधिकारियों को ब्लॉक एवं शहरी क्षेत्रों का प्रभार सौंपा गया है। शहरी एवं ग्रामीण एएनएम अपने-अपने क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों एवं मदरसों का माइक्रोप्लॉन तैयार कर टीकाकरण करेंगी। प्रत्येक एएनएम को प्रतिदिन 100 से 126 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या अधिक होगी, वहां अतिरिक्त सत्र आयोजित किए जाएंगे।