सुल्तानपुर। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी की गई एडवाइजरी का पालन जिले का स्वास्थ्य विभाग नहीं करा पा रहा है। हालत यह है कि जिला अस्पताल समेत अन्य सीएचसी पर कोरोना की बूस्टर डोज लगनी बंद हो गई है। जिले के प्राइवेट अस्पताल न बूस्टर डोज खरीद रहे हैं और न ही किसी को लगा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने नौ अप्रैल को घोषणा की थी कि निजी टीकाकरण केंद्रों पर 18 साल से ऊपर की उम्र के लोगों को कोविड टीकों की बूस्टर खुराक उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पहले सिर्फ फ्रंटलाइन वर्कर, स्वास्थ्य कर्मियों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए ही बूस्टर डोज उपलब्ध थी। स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के बाद निजी टीकाकरण केंद्रों के माध्यम से 18 साल से ऊपर की उम्र वालों को बूस्टर डोज 10 अप्रैल से लगाई जानी थी, लेकिन जिले में प्राइवेट अस्पताल बूस्टर डोज खरीदने को तैयार ही नहीं हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन राय ने बताया कि जिले में तीन प्राइवेट अस्पतालों को कोरोना की वैक्सीन देने वाली कंपनी से स्लाट बुक कराने को कहा गया था, लेकिन अभी तक एक ने भी स्लाट बुक नहीं कराया है। इसकी वजह से 18 से 60 आयु वर्ग के सामान्य लोगों को कोरोना की बूस्टर डोज नहीं लग पा रही है। हालांकि 60 प्लस आयु वर्ग के वे लोग जो किसी न किसी बीमारी से पीड़ित हैं, उन्हें सरकारी अस्पताल में पूर्व की तरह बूस्टर डोज लगाई जा रही है। डॉ. एएन राय ने बताया कि टीकाकरण की तीसरी खुराक के पात्र लोग CoWIN पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद बूस्टर खुराक प्राप्त कर सकते हैं।
387 रुपये में उपलब्ध होगी बूस्टर डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन राय ने बताया कि कोविशील्ड और कोवैक्सीन 225 रुपये में कंपनी दे रही है। इस पर पांच प्रतिशत जीएसटी और 150 रुपये सर्विस चार्ज अतिरिक्त देना होगा। कुल मिलाकर प्रति बूस्टर डोज की कीमत जिले में 387 रुपये तय की गई है।