पिछली सरकारें हर जिले में एक माफिया पालती थीं
सीएम योगी ने कहा, आज मैं सुबह से आया हूं तभी बारिश प्रारंभ हुई। विनोद जी तो बुलाना नहीं रहे थे पर राजेश गौतम ने मुझे बार-बार बुलाया। उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, पिछली सरकारें हर जिले में एक माफिया पालती थीं। हम हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य को समाजवादी और कांग्रेस ने बीमारू राज्य बना दिया था। पहले दुर्गा पूजा नहीं होने देते थे, रामनवमी के जुलूस नहीं हो पाते थे। लखनऊ और वाराणसी जाना कठिन था।
सीएम ने प्रदेश में हुए बदलाव गिनाते हुए कहा, आज पूर्वांचल एक्सप्रेस जा रहा है। 45 मिनट में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी मतलब दुनिया से जुड़ जाना। आज सड़कें बन रही हैं, एयरपोर्ट बन रहे हैं। पहले यही पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री में खर्च होता था, आज मंदिरों के सौंदर्यीकरण में खर्च हो रहा है। आज कच्चे घरों को पक्का कर रहे हैं।
योगी ने कहा, अच्छे लोग चुनते हैं तो अच्छी सरकार बनती है। जब अच्छी सरकार बनती है तो तेजी के साथ प्रगति होती है और हर नागरिक का विकास होता है। आज उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट नहीं है। पहले लोग उत्तर प्रदेश के लोगों से दूर जाते थे, आज गले मिलते हैं। आज उत्तर प्रदेश देश के विकसित राज्यों में गिना जा रहा है। व्यापारियों और बहन-बेटियों को सुरक्षा देना हो तो आज उत्तर प्रदेश सबसे आगे है।