पंत स्टेडियम में आर्म बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी।
- फोटो : पंत स्टेडियम में आर्म बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी।
सुल्तानपुर। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय अखिल भारतीय आर्म बॉक्सिंग प्रतियोगिता रविवार देर शाम समाप्त हो गई। उत्तर प्रदेश आर्म बॉक्सिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में देश भर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। ओवरऑल टीम रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अव्वल रहे। वहीं, महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने दूसरा और हरियाणा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और बिहार जैसे राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आर्म बॉक्सिंग इंडिया के डायरेक्टर नसिरुद्दीन ने बताया कि उत्तर प्रदेश की ओर से मोहम्मद उजैर, राहिल खान, नव्या सिंह, आदित्य सोनकर, राज नंदिनी, अर्पित निषाद और प्रियाल धुरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इसके अतिरिक्त, शगुन सोनकर, ज्योत्सना मिश्रा और वंश वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सानिया का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। विपिन कुमार, अल्तमस रजा, माजिद अली, शुभम धुरिया, एजाज अहमद और रेहान खान ने रेफरी की भूमिका निभाई। क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सोनकर, डॉ. एके सिंह, आलोक आर्य, पुलकित सिंह, विनोद तिवारी और मुनेंद्र मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।